Apr 18 2026 / 5:04 PM

देश जवानों की शहादत को कभी नहीं भूलेगा: राजनाथ सिंह

नई दिल्ली। भारत और चीन की सीमा पर गलवान घाटी में शहीद हुए भारत के 20 जवानों को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने श्रद्धांजलि दी है। बुधवार को ट्विटर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपना बयान जारी किया। राजनाथ ने लिखा कि गलवान घाटी में सेना के जवानों ने अपना फर्ज निभाते वक्त जान दे दी, देश उनके इस बलिदान को कभी नहीं भूल पाएगा।

राजनाथ सिंह ने लिखा, गलवान में सैनिकों की शहादत बेहद दुखद और परेशान करनेवाली है। जवानों ने बहादुरी दिखाते हुए अपने फर्ज को निभाया और शहीद हो गए।’ राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि देश जवानों की शहादत को कभी नहीं भूलेगा और मैं शहीदों के परिवार के साथ हूं। मुश्किल वक्त में देश कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। हमें भारतीय सैनिकों की बहादुरी पर गर्व है।

बता दें कि मंगलवार को सेना के जवानों की शहादत के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का ये पहला बड़ा बयान है। शहीद जवानों की खबर के बाद से ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लगातार बैठकें कर रहे हैं। मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ लगातार दो बैठकें की। बैठकों के बाद राजनाथ सिंह ने ही पूरे हालात की जानकारी पीएम नरेंद्र मोदी को दी थी।

राजनाथ सिंह ने विदेश मंत्री एस जयशंकर, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ बैठक की थी। इसमें पूर्वी लद्दाख में जमीनी हालात की व्यापक समीक्षा की गई। किसी भी हालात से निपटने के लिए भारत की तैयारियों पर भी विचार-विमर्श किया गया था।

इसके बाद रक्षा मंत्री ने दोपहर में विदेश मंत्री जयशंकर, थल सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे और प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत के साथ एक और बैठक की थी।

Share With

मध्यप्रदेश