बस पॉलिटिक्स: कांग्रेस विधायक अदिति सिंह पार्टी से निलंबित
लखनऊ। लॉकडाउन के बीच गैर प्रदेशों से पलायन कर उत्तर प्रदेश वापस लौट रहे प्रवासी श्रमिकों के लिए बस मुहैया कराने को लेकर उत्तर प्रदेश में राजनीति गरमा गई है। इस बीच बस उपलब्ध कराने के मामले में अपनी ही पार्टी और महासचिव प्रियंका गांधी पर सवाल खड़े करने वाली रायबरेली से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह को निलंबित कर दिया गया है। दरअसल, रायबरेली की सदर सीट से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह ने कांग्रेस पर ही फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि यह कैसा क्रूर मजाक है?
कांग्रेस से अदिति सिंह के इस कृत्य को अनुशासनहीनता माना है। इसके बाद कांग्रेस ने विधायक आदिति सिंह को पार्टी से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते कार्रवाई हुई है। कांग्रेस की महिला इकाई के महासचिव पद से विधायक अदिति सिंह को निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि सिंह के खिलाफ एक शिकायत उत्तर प्रदेश के विधानसभा स्पीकर के समक्ष पहले से ही लंबित है।
विधायक स्वर्गीय अखिलेश सिंह की बेटी अदिति सिंह 2017 में पहली बार विधायक निर्वाचित हुई है। युवा विधायक अदिति सिंह अपने क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हैं और गांधी परिवार के भी बेहद करीब हैं। पार्टी से निलंबित करने से पहले भी बीते वर्ष नवम्बर में विधानसभा सदस्यता समाप्त करने का भी नोटिस दिया गया था।
अदिति सिंह का योगी आदित्यनाथ सरकार से वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली है और बीते वर्ष ही पंजाब से कांग्रेस के विधायक अंगद सैनी से अदिति सिंह का विवाह हुआ था। इससे पहले उनके सांसद राहुल गांधी से भी विवाह को लेकर काफी जोरदार अफवाह फैली थी।
