Oct 25 2026 / 9:34 PM

नेपाली सैनिकों ने बिहार बॉर्डर पर की फायरिंग, एक भारतीय की मौत

नई दिल्ली। भारत और नेपाल के बीच नक्शा विवाद को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच बिहार के सीतामढ़ी में नेपाल बॉर्डर के पास से एक बड़ी खबर सामने आई है। बिहार के सीतामढ़ी में भारत-नेपाल सीमा के पास फायरिंग हुई है।

बताया जा रहा है कि जानकीनगर बॉर्डर पर नेपाली सैनिकों की ओर से अंधाधुंध फायरिंग की गई है जिसमें खेत पर काम कर रहे एक भारतीय शख्स की मौत हो गई। चार अन्य लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद से सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है।

घटना सीतामढ़ी के सोनबरसा बॉर्डर इलाके के जानकीनगर गांव की है। जानकारी के मुताबिक भारत-नेपाल सीमा पर विवाद हुआ था, जिसके बाद नेपाल पुलिस की ओर से अंधाधुंध फायरिंग की गई। फायरिंग की इस घटना के बाद से सीमा पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। मौके पर जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी रवाना हो चुके हैं।

बता दें कि भारत और नेपाल के बीच संबंधों में तल्खी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा आठ मई को उत्तराखंड के धारचुला को लिपुलेख दर्रे से जोड़ने वाली 80 किलोमीटर लंबी सामरिक रूप से महत्वपूर्ण सड़क का उद्घाटन करने के बाद शुरू हुई। नेपाल ने सड़क के उद्घाटन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए दावा किया कि यह सड़क नेपाली क्षेत्र से होकर गुजरती है।

भारत ने नेपाल के इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि यह सड़क पूरी तरह से उसके क्षेत्र में आती है। नेपाली अधिकारियों का कहना है कि 1962 में भारत-चीन युद्ध से पहले से ही इस इलाके पर नेपाल का नियंत्रण है। उस समय भारत ने नेपाल के शासकों की अनुमति से कुछ समय के लिये यहां अपनी सेना तैनात की थी, लेकिन फिर उसने अपनी सेना नहीं हटाई।

Share With

मध्यप्रदेश