Oct 28 2026 / 6:21 PM

मोदी और केजरीवाल से किसी को देशभक्ति सीखने की जरूरत नहीं: राहुल गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को दिल्ली के कोंडली विधानसभा क्षेत्र में रैली करने के लिए पहुंचे हैं। जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि कांग्रेस ने 15 साल (1998-2013) के शासन में दिल्ली को मेट्रो सहित आधुनिक अवसंरचना दी। राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की राजनीति नफरत के इर्द-गिर्द घूमती है और उनकी एक ही रणनीति है, लोगों को बांटो।

राहुल ने कहा आप सभी लोगों के पास मौका है तो मैं आप लोगों से कहना चाहता हूं कि इस मौके को मत छोड़िए। मैं 15 साल से राजनीति में हूं मेरे एक भी भाषण में आपको झूठ सुनने को नहीं मिलेगा। नरेंद्र मोदी अपने भाषण में झूठ बोलते हैं। राहुल गांधी भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर व्यक्तिगत हमला किया। उन्होंने कहा कि अमित शाह का भाषण तो कचरा है। आप लोग अमित शाह का भाषण सुनो ही मत।

उन्होंने कहा कि यह देश प्यार का देश है, यह नफरत का देश नहीं है जब तक इस देश में नफरत है तब तक यह देश आगे नहीं बढ़ सकता। जब तक दिल्ली में हिंसा नफरत है दिल्ली आगे नहीं बढ़ सकती। अरविंद केजरीवाल और नरेंद्र मोदी देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं। इस देश में सभी देश भक्त हैं। उनसे किसी को देशभक्ति सीखने की जरूरत नहीं है। यह उनका बांटने का तरीका है हम लोगों को बांट कर यह अंबानी की जेब भर रहे हैं।

Share With

मध्यप्रदेश