Apr 18 2026 / 5:01 PM

आज पीएम मोदी करेंगे मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक, ममता के शामिल होने पर सस्पेंस

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज फिर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक करेंगे। प्रधानमंत्री के साथ आज होने वाली बैठक में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शामिल होने पर संस्पेंस है।

बताया जा रहा है कि सीएम ममता इस बैठक से दूर रह सकती हैं। तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों के अनुसार, वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए होने वाली बैठक में वक्ताओं की सूची में ममता बनर्जी का नाम नहीं है।

सूत्रों ने कहा कि बनर्जी बैठक में भाग लेंगी या राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे इसके बारे में अभी भी कोई फैसला नहीं किया गया है।

टीएमसी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया, बैठक में भाग लेने की क्या आवश्यकता है अगर आपको बोलने की अनुमति ही नहीं है। मुख्यमंत्री ने अभी भी प्रधानमंत्री के साथ बैठक में भाग लेने को लेकर फैसला नहीं लिया हैं।

टीएमसी के सूत्रों ने कहा कि बैठक में पश्चिम बंगाल को आमंत्रित किया गया है, लेकिन राज्य को बैठक में अपनी बात रखने वाले राज्यों की सूची में नहीं रखा गया है।

बता दें कि देश में बढ़े कोरोना संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्रियों के साथ दो चरणों में बैठक कर रहे हैं। पहले चरण की बैठक आज मंगलवार को 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के साथ हो रही है, तो वहीं दूसरी बैठक बुधवार को 15 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के मुख्यमंत्रियों के साथ होगी।

अनलॉक-1 के बाद ये प्रधानमंत्री की पहली बैठक है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 बार मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर चुके हैं।

Share With

मध्यप्रदेश