Oct 28 2026 / 6:31 PM

कोरोना से जंग: पीएम मोदी ने मुख्यमंत्रियों के साथ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कोरोना वायरस संकट को लेकर सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संवाद किया और इस बीमारी को फैलने से रोकने के उपायों पर चर्चा की। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन और स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी भी मौजूद रहे।

इस बैठक को लेकर खबर है कि इसमें कोरोना संकट के उपजे मौजूदा स्थिति, विभिन्न राज्यों में फंसे प्रवासी मजदूरों के लिए चलाए जा रहे राहत कार्यों के साथ-साथ तबलीगी जमात के लोगों के विभिन्न राज्यों में जाने से उत्पन्न खतरे पर भी चर्चा हुई है। लॉकडाउन के बाद देश के मुख्यमंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री की यह पहली बैठक है।

प्रधानमंत्री मुख्यमंत्रियों के साथ चर्चा के दौरान आम जनता तक सभी जरूरी सामान पहुंचाने और इसके लिए किए जा रहे इंतजामों पर बात की। प्रधानमंत्री ने सभी से लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने को कहा। उन्होंने सभी राज्यों से अपील की कि जिन राज्यों में जमात के लोग गए हैं, उन सभी लोगों को जल्द से जल्द अस्पताल में भर्ती कराया जाए। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने कोरोना वायरस को लेकर सभी राज्यों से कहा कि हम मिलकर लड़ाई लड़ेंगे।

इससे पहले 22 मार्च को लगाए गए जनता कर्फ्यू से दो दिन पहले 20 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की थी। उस समय उन्होंने कोरोना के वैश्विक खतरे के प्रति मुख्यमंत्रियों को आगाह करते हुए पूरे देश को एकजुट होकर इसका सामना करने की जरूरत पर जोर दिया था।

Share With

मध्यप्रदेश