Oct 28 2026 / 4:23 PM

संसदीय दल की बैठक में बोले पीएम मोदी- संसद में कामकाज पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार ही होगा

नई दिल्ली। कोरोनावायरस को लेकर देशभर में बढ़ रही चिंता के बीच आज संसद भवन में बीजेपी संसदीय दल की बैठक हुई। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि संसद में कामकाज पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार ही होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि संसद 3 अप्रैल तक चलेगी। उन्होंने सांसदों से अपने क्षेत्र में जाकर लोगों को कोरोनावायरस से जागरूक करने को कहा है। पीएम मोदी ने आज कुछ सांसदों द्वारा सत्र को रोकने के लिए लिखे पत्र पर निराशा व्यक्त की और कहा कि हम देश के 130 करोड़ लोगों के प्रतिनिधि हैं। प्रधानमंत्री ने कोरोनावायरस को लेकर मीडिया की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि मीडिया ने जागरूकता फैलाई है।

प्रधानमंत्री ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ कह दिया है कि कोरोना वायरस के चलते संसद की कार्यवाही स्थगित नहीं होगी। संसदीय दल की बैठक में मोदी ने कहा कि संसद का बजट सत्र पूरा चलेगा। उन्होंने कोरोनावायरस को लेकर मीडिया की रिपोर्टिंग की भी तारीफ की है। प्रधानमंत्री ने कहा कोरोना को लेकर मीडिया ने सिर्फ पॉजिटिव खबरें दिखाई हैं।

गौरतलब है कि संसदीय दल की पिछली बैठक में मोदी ने सांसदों की जमकर क्लास ली थी और देश के लिये समय निकालने के लिए नसीहत दी थी। साथ ही उन्होंने अपने संबोधन में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह और विपक्ष को भी आड़े हाथों लिया था। बैठक में मोदी ने दिल्ली हिंसा पर विस्तृत चर्चा की थी।

Share With

मध्यप्रदेश