बेटी की शादी का न्योता देने वाले रिक्शा चालक मंगल केवट से मिले पीएम मोदी
नई दिल्ली। बेटी की शादी में आने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न्योता देने वाले ट्राली रिक्शा चलाने वाले मंगल प्रसाद केवट प्रधानमंत्री से मिले। इस मुलाकात से वह इतने खुश हैं कि उनका मानना है कि यह उनके लिए किसी उपहार से कम नहीं है। मंगल प्रसाद केवट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरीके से बात की वह उनके लिए कभी न भूलने वाले बेहतरीन अनुभव जैसा है, आइए मंगल जी क्या हालचाल हैं। बेटी और दामाद को साथ लेकर नहीं आए। प्रधानमंत्री जी का इतना पूछना ही मेरे लिए किसी कीमती उपहार से कम नहीं है। यह कहना है मंगल प्रसाद केवट का।
रविवार को प्रधानमंत्री के एक दिवसीय काशी दौरे पर मंगल केवट की प्रधानमंत्री से मुलाकात हुई। हस्तकला संकुल में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद पीएम ने अपने आदर्श गांव डोमरी के निवासी मंगल प्रसाद केवट से औपचारिक मुलाकात कर हालचाल लिया था। मंगल रविवार सुबह आठ बजे नंगे पैर ही हस्तकला संकुल के लिए निकल पड़े। शाम को चार बजे उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री से हुई। प्रधानमंत्री ने जब उनका और बेटी-दामाद की कुशलक्षेम पूछी तो मंगल अभिभूत हो उठे। उन्होंने प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया।
मंगल ने बताया कि प्रधानमंत्री जी ने कहा कि हम जानते हैं कि आप देश सेवा कर रहे हैं। गौरतलब है कि मंगल प्रधानमंत्री के स्वच्छता कार्यक्रम से प्रेरित होकर अभियान से जुड़े। वह अकेले ही गंगा घाट और अपने गांव में झाड़ू लगाते रहते हैं। जीविकोपार्जन रिक्शा ट्राली चलाकर करते हैं। मंगल के परिवार में पत्नी, एक लड़की व दो लड़के हैं। मंगल ने बेटी की शादी 12 फरवरी को चंदौली में की है। इसका निमंत्रण प्रधानमंत्री को भी भेजा था। पीएम ने उन्हें शुभकामना संदेश भी भेजा था। उन्होंने दूसरी बार पीएम से मुलाकात की है। इसके पहले वह छह जुलाई 2019 को पीएम से मिल चुके हैं।
