कोरोना को लेकर पीएम मोदी ने की मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक
नई दिल्ली। देश में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ एक बैठक में इस महामारी की स्थिति की समीक्षा की। इस बैठक में कोरोना से निपटने कि लिए किए जा रहे उपायों की भी समीक्षा की गई।
प्रधानमंत्री ने दिल्ली समेत देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कोरोना की स्थिति की जानकारी ली। बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, प्रधानमंत्री के प्रिंसिपल सेक्रेटरी, कैबिनेट सेक्रेटरी, स्वास्थ्य सचिव, आईसीएमआर के डीजी भी शामिल हुए।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि विशेष रूप से बड़े शहरों द्वारा सामना की जा रही चुनौतियों के मद्देनजर टेस्टिंग बढ़ाने के साथ-साथ बिस्तर और स्वास्थ्य सेवाओं की संख्या को प्रभावी ढंग से बढ़ाने पर चर्चा हुई। जिससे दैनिक मामलों में शिखर वृद्धि की स्थिति को संभाला जा सके।
बैठक में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पर खास फोकस रहा। दिल्ली में कोरोना के बिगड़ते हालात पर भी चर्चा की गई और अगले दो महीने के अनुमानों पर बात हुई। प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि गृह मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को दिल्ली के उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्र और दिल्ली सरकार तथा एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात बैठक करनी चाहिए ताकि राजधानी में कोरोना के बढ़ते मामलों से कारगर ढंग से निपटा जा सके।
गौरतलब है कि देश में महज 10 दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले दो लाख से बढ़कर तीन लाख के पार हो गए हैं। एक दिन में सर्वाधिक 11,458 मामले सामने आने से शनिवार को संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 3,08,993 हो गए हैं, वहीं संक्रमण से 386 लोगों की मौत होने से मृतक संख्या बढ़कर 8,884 हो गई।
