कोरोना से जंग: पीएम मोदी ने पूर्व राष्ट्रपतियों और प्रधानमंत्रियों से की बात
नई दिल्ली। कोरोना वायरस से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार समाज के हर वर्ग के लोगों से संपर्क साध रहे हैं। पीएम ने तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों, खेल जगत की हस्तियों के साथ वीडियो कॉनफ्रेंसिंग के जरिए बात की थी। इसी के तहत आज उन्होंने देश के दो पूर्व राष्ट्रपतियों और प्रधानमंत्रियों से बातचीत की। इसके अलावा उन्होंने देश की मुख्य राजनीतिक पार्टियों के नेताओं से भी बात की।
प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री ने रविवार को सबसे पहले पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से बात की। इसके बाद उन्होंने प्रतिभा देवी सिंह पाटिल से कोविड-19 को लेकर बात की। प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह और एस जी देवेगौड़ा से भी कोरोना वायरस को लेकर चर्चा की।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ने विभिन्न राजनीतिक पार्टी के नेताओं को भी फोन किया। जिसमें कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव, पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, बीजू जनता दल के अध्यक्ष और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, तेलंगाना राष्ट्र समिति के अध्यक्ष और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव, डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता प्रकाश सिंह बादल शामिल हैं।
