Oct 28 2026 / 12:46 PM

केंद्र सरकार पर जमकर बरसी प्रियंका गांधी, कहा- यह सरकार संविधान को बरबाद कर देगी

आजमगढ़। कांग्रेस महासचिव और पार्टी की पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला बोलते हुये कहा कि संविधान को हम सबको मिलकर के बचाना होगा अन्यथा यह सरकार इसे बरबाद कर देगी। एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को आजमगढ़ के बिलरियागंज कस्बे में पहुंची प्रियंका गांधी वाड्रा केंद्र सरकार पर जमकर बरसी। उन्होंने कहा कि संविधान को हम सबको मिलकर के बचाना होगा अन्यथा यह सरकार संविधान को बरबाद कर देगी।

उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून(सीएए) के विरोध में लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया लेकिन पुलिस एवं स्थानीय प्रशासन ने उसके खिलाफ अत्याचार किया। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि वह न्याय ना मिलने तक पीड़तिों के साथ खड़ी हैं और आगे भी रहेंगी। इस घटना के लिए सीधे अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि शांतिपूर्वक चल रहे प्रदर्शन के खिलाफ यहां के प्रशासन ने अत्याचार किया है। आजमगढ़ में महिलाएं और मौलाना शांतिपूर्वक अपना प्रदर्शन कर रहे थे।

उन्हें क्यों पीटा गया। प्रशासन का काम है आम जनता को सुरक्षा देना। उन्होंने आजमगढ़ के प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया और कहा छोटे-छोटे बच्चों को उठाकर जेल में डाला गया। यहां के लोगों के साथ अन्याय हुआ है और इस अन्याय के खिलाफ प्रियंका गांधी वाड्रा न्याय दिलाने तक आपके साथ खड़ी रहेगी। कांग्रेस महासचिव ने केंद्र व उत्तर प्रदेश में चल रही सरकार को जनता, गरीबों व संविधान के खिलाफ बताया। उन्होंने उत्तराखंड की भाजपा सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का बयान आया है कि आरक्षण संवैधानिक अधिकार नहीं है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश में जो भी कानून लागू कर रही है वह एक संप्रदाय के खिलाफ नहीं है बल्कि वह पूरे संविधान के खिलाफ है।

Share With

मध्यप्रदेश