भारत-चीन हिंसक झड़प: राहुल गांधी ने पीएम मोदी से किया सवाल- सच्चाई बताएं, चुप क्यों है…
नई दिल्ली। चीन सीमा पर भारत के 20 जवान शहीद होने के बाद देशभर में रोष है। भारत और चीन के बीच लद्दाख में लगातार बढ़ते तनाव को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि बस, अब बहुत हुआ। हमें सच जानना है कि आखिर क्या हुआ है। इस मामले में क्या छुपा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आखिर चुप क्यों हैं?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा कि आखिर चीन ने हमारे सैनिकों को मार कैसे दिया? उनकी हिम्मत कैसे हुई कि चीन ने हमारी जमीन को हड़प लिया।
भारत और चीन के बॉर्डर पर 20 जवानों की शहादत के बाद पूरे देश में गुस्सा है। विपक्षी पार्टियां भी लगातार सरकार से सवाल कर रही हैं। तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने अब सरकार पर तीखा हमला बोला है।
टीएमसी सांसद ने ट्वीट में लिखा कि पिछले एक हफ्ते में काफी कुछ घट चुका है। चीन बॉर्डर पर LAC के पास 20 जवान शहीद हो गए हैं, हमारे दोस्त नेपाल ने अपने नक्शे में बदलाव कर लिया और अब बातचीत से हल निकलना है और पाक-चीन-नेपाल बॉर्डर पर भारतीयों की जान चली गई। महुआ मोइत्रा ने लिखा कि अगर हम सवाल पूछें तो एंटी नेशनल हो जाते हैं, पूछते हैं कैसे हुआ तो हमपर देशद्रोह का केस हो जाता है।
बता दें कि गलवान घाटी के पास दोनों देशों के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस झड़प में भारत के 20 जवान शहीद हो गए, जिसमें कमांडिंग ऑफिसर भी शामिल हैं। दूसरी ओर चीन को भी भारी नुकसान हुआ है।
