दिल्ली: दंगा प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे राहुल गांधी, कहा- हिंसा और नफरत तरक्की के दुश्मन
नई दिल्ली। सीएए को लेकर बीते दिनों राजधानी दिल्ली में भड़की हिंसा अब शांत हो गई है। राहुल गांधी उत्तर पूर्वी दिल्ली के हिंसा प्रभावित इलाकों के दौरे पर हैं। कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली के हिंसा प्रभावित इलाकों के दौरे पर है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।
उन्होंने उस अरुण मार्डन पब्लिक स्कूल, बृजपुरी का दौरा किया, जो हिंसा के दौरान आगजनी का शिकार हुआ था। स्कूल से बाहर आकर राहुल गांधी ने मीडिया ने कहा, ‘ये स्कूल है। ये हिंदुस्तान का भविष्य है। जिसे नफरत और हिंसा ने जलाया है। इससे किसी का फायदा नहीं हुआ है। हिंसा और नफरत तरक्की के दुश्मन हैं। हिंदुस्तान को जो बांटा और जलाया जा रहा है इससे भारत माता को कोई फायदा नहीं है।
राहुल गांधी ने अपील करते हुए कहा कि सबको मिलकर प्यार से यहां काम करना पड़ेगा। हिंदुस्तान को जोड़कर ही आगे बढ़ा जा सकता है। दुनिया में जो छवि भारत की है, उसको ठेस पहुंची है। भाईचारा और एकता हमारी ताकत थी, उसको यहां जलाया गया है। इससे हिंदुस्तान और भारत माता को नुकसान होता है।
राहुल गांधी के साथ कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में मुकुल वासनिक, कुमारी शैलजा, अधीर रंजन चौधरी, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सुरजेवाला, के सुरेश, गौरव गोगोई और ब्रह्म मोहिंद्रा शामिल हैं। राहुल गांधी बृजपुरी में अरुण मॉडर्न पब्लिक स्कूल पहुंचे। वहीं कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के कुछ नेता चांदबाग, बृजपुरी में भी पहुंचे हैं। हालांकि प्रतिनिधिमंडल को हिंसाग्रस्त इलाके में जाने की मंजूरी नहीं मिली है।
