शर्मनाक घटना: 6 साल की मासूम बच्ची से किया दुष्कर्म, फोड़ दी दोनों आंखें
दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह में 6 साल की बच्ची के दरिंदगी की घटना सामने आई है। दुष्कर्म के बाद मासूम बच्ची की दोनों आंखें फोड़ दी हैं, ताकि वह किसी को पहचान न सके। उसे जान से मारने की कोशिश भी की। इसके बाद दरिंदे बच्ची को मरा समझकर भाग गए।
बच्ची की हालत गंभीर है। फिलहाल, उसका इलाज जबलपुर के अस्पताल में चल रहा है। घटना को लेकर जिले में काफी आक्रोश है। स्थानीय विधायक और जिले के एसपी भी गांव पहुंचे।
एसपी हेमंत चौहान ने बताया कि जबेरा थाना क्षेत्र के बंतीपुर गांव में बुधवार शाम बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। अचानक लापता हो गई। उसे आसपास तलाशा गया। बाद में पुलिस को सूचना दी गई।
अगले दिन सुबह बच्ची घर के नजदीक एक किसान के बाड़े में बेसुध हालत में मिली। उसके हाथ-पैर बंधे थे। चेहरे पर गंभीर चोट थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी चौहान ने बताया कि कई संदिग्धों से पूछताछ की गई है। मासूम की हालत गंभीर है और जबलपुर रेफर कर दिया गया है। मौके पर जांच के लिए एफएसएल की टीम भी पहुंची है। जल्द ही आरोपी को हम लोग गिरफ्तार कर लेंगे।
दरिंदे को सख्त से सख्त सज़ा दी जाएगी: सीएम शिवराज
सीएम शिवराज सिंह चौहान इस घटना को लेकर सख्त हैं। उन्होंने कहा है कि दमोह जिले में एक मासूम बिटिया के साथ दुष्कर्म की घटना शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। मैंने घटना का संज्ञान लेकर अपराधी को जल्द से जल्द से पकड़ने के निर्देश दिए हैं। उस दरिंद को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। बिटिया की समुचित इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
पूर्व सीएम कमलनाथ ने साधा निशाना
घटना को लेकर पूर्व सीएम कमलनाथ ने शिवराज सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि शिवराज जी, ये प्रदेश में क्या हो रहा है। लॉकडाउन में भी अपराधियों के हौसले बुलंद। दमोह के जबेरा में एक मासूम बालिका की दोनों आंख फोड़ने और दरिंदगी की भी बात सामने आ रही है।
