Oct 28 2026 / 8:53 AM

एयर स्‍ट्राइक के लिए 24 घंटे तैयार: वायुसेना प्रमुख

नई दिल्‍ली। भारतीय वायुसेना पाकिस्‍तान के कब्‍जे वाले कश्‍मीर में घुसकर आतंकी लॉन्‍च पैड्स को फिर निशाना बनाने के लिए तैयार है। मई की शुरुआत में हंदवाड़ा एनकाउंटर हुआ था जिसमें भारत ने अपने पांच जवान खोए। इस मुठभेड़ के बाद से ही पाकिस्‍तान को डर है कि भारत जवाबी कार्रवाई कर सकता है।

वायुसेना अध्यक्ष आरकेएस भदौरिया का कहना है कि जब भी हमारी मिट्टी में कोई आतंकी घटना होती है तो पाकिस्तान परेशान हो जाता है। उनकी चिंता सही भी है। यदि उन्हें इन चिंताओं से बाहर निकलना है तो उन्हें भारत में आतंकवाद को रोकना होगा। यह जवाब वायुसेनाध्यक्ष ने उस सवाल के जवाब में दिया जिसमें उनसे पूछा गया था कि क्या हंदवाड़ा हमले के बाद पाकिस्तान भारत की जवाबी कार्रवाई को लेकर चिंतित है।

भदौरिया से जब पूछा गया कि क्या वायुसेना पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार जाकर किसी भी आतंकवादी शिविर या लॉन्चपैड पर कार्रवाई करने के लिए तैयार है तो उन्होंने कहा, अगर इस तरह की परिस्थिति की मांग होती है तो बिल्कुल। भारतीय वायुसेना 24 घंटे तैयार है।

बता दें कि जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में आतंकी मुठभेड़ के बाद भारत की जवाबी कार्रवाई से पाकिस्तान में डर का माहौल है। इसे देखते हुए पाकिस्तानी वायु सेना ने अपनी सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है। दो मई को हुए आतंकी मुठभेड़ में कर्नल आशुतोष शर्मा समेत पांच जवान शहीद हो गए थे।

Share With

मध्यप्रदेश