Oct 28 2026 / 6:15 PM

आज देश के सभी सरपंचों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर आज सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश भर के सरपंचों के साथ बातचीत करेंगे।

मोदी पहले पंचायती राज दिवस के मौके पर झांसी में सरपंचों की सभा को संबोधित करने वाले थे। लेकिन अब यह चर्चा ऐसे वक्त हो रही है जब देश कोरोना महामारी और लॉकडाउन का सामना कर रहा है।

गुरुवार को मोदी ने पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को लिखे पत्र में पंच-सरपंचों को वीर योद्धा बताया। उन्होंने कहा था कि हम धैर्य, अनुशासन, सहयोग और सावधानी से कोरोना महामारी को हराएंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट में बताया कि इस दौरान ई-ग्राम स्वराज पोर्टल और मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा। इसके साथ ही स्वामित्व योजना भी लॉन्च होगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की कोशिशों में तेजी आएगी। बता दें कि पंचायती राज दिवस मनाने का सिलसिला मनमोहन सिंह सरकार के दौरान 2010 से शुरू हुआ था।

27 अप्रैल को मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करेंगे
इसके अलावा पीएम मोदी 27 अप्रैल को एकबार फिर सभी मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात करेंगे। इस मीटिंग में सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। प्रधानमंत्री ने पिछली बार 11 अप्रैल को मुख्यमंत्रियों के साथ राय-मशविरा किया था और फिर लॉकडाउन की समयसीमा बढ़ाने पर सहमति बन गई थी।

इसी आम राय पर 14 अप्रैल को खत्म होने वाले लॉकडाउन की मियाद बढ़ाकर 3 मई कर दी गई थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या अगली मीटिंग का मुख्य मुद्दा लॉकडाउन खत्म करना या अवधि बढ़ाने का ही होगा?

Share With

मध्यप्रदेश