सोनिया गांधी का देशवासियों के नाम संदेश, कहा- हम एकता, अनुशासन और आत्मबल से कोरोना को परास्त करेंगे
नई दिल्ली। 14 अप्रैल को सुबह 10 बजे पीएम मोदी देश को संबोधित करने वाले हैं लेकिन उससे पहले कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कोरोना महामारी के बीच देशवासियों के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया है। 5 मिनट 45 सेकंड के संदेश को सुबह 7 बजे कांग्रेस के ट्विटर अकाउंट से पोस्ट किया गया।
सोनिया ने इसके जरिए मेडिकल स्टाफ और उन अन्य लोगों को शुक्रिया कहा जो कोरोना के खिलाफ जारी जंग में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ, लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने और घर में रहने की अपील की।
सोनिया गांधी ने कहा, मेरे प्यारे देशवासियों आप सभी को नमस्कार, मुझे उम्मीद है कि इस कोरोना महामारी संकट के दौरान आप सब अपने-अपने घरों में सुरक्षित होंगे। सबसे पहले मैं इस संकट के समय में भी शांति, धैर्य और संयम बनाए रखने के लिए सभी देशवासियों को दिल से धन्यवाद करती हूं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा, मैं आशा करती हूं कि आप सभी लॉकडाउन का पूरी तरह पालन कर रहे होंगे। आप सभी दूरी बनाए रखने का पूरी तरह पालन करें। अपने-अपने घरों में रहें. समय-समय पर अपने हाथ धोते रहें। बहुत ज्यादा जरूरी होने पर ही घर के बाहर कदम रखें और वो भी मास्क, चुन्नी या गमछा लगाकर, आप सभी इस लड़ाई में सहयोग करें।
देशवासियों की तारीफ करते हुए सोनिया गांधी ने कहा, आज कोरोना के इस संकट से निपटने में आप सभी का इस लड़ाई में खड़े रहने से बड़ी देशभक्ति और क्या हो सकती है। हम इस मुश्किल समय में आपके परिवार जनो, पति-पत्नी-बच्चों, माता-पिता के त्याग और बलिदान को कभी नहीं भूल सकते।
सोनिया गांधी ने उन कोरोना योद्धाओं का भी सम्मान करने की अपील देशवासियों से की जो इस मुश्कल घड़ी में भी दिन-रात सेवा में जुटे हुये हैं। सोनिया गांधी ने कहा, जोखिम होने के बावजूद भी आपके सहयोग और समर्थन से ही आप इस लड़ाई को लड़ पा रहे हैं। इनको धन्यवाद देने के लिए मेरे पास शब्द नहीं है। मेरे प्यारे देशवासियों, हमारे ये योध्दा व्यक्तिगत सुरक्षा के अभाव होने के बावजूद भी इस लड़ाई को जीतने में दिन-रात एक किए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि, कई जगहों पर डॉक्टर्स के साथ गलत व्यवहार की खबरें आ रही है, ये काफी गलत है। क्योंकि, हमारी सभ्यता और संस्कृति ऐसी नहीं है। हमें इन सबका सहयोग और समर्थन करना चाहिए।
इस संकट में आप ही में से कई लोग अपने स्तर पर व्यक्तिगत प्रयास कर रहे हैं। कोई लोगों को खाना खिला रहा है, कोई मास्क बांट रहा है, कोई सैनिटाइजर बांट रहा है, कोई गरीबों तक सूखा राशन पहुंचा रहा है। मतलब हर हिंदुस्तानी कोरोना से इस लड़ाई को जीतने में एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है।
सोनिया गांधी ने कहा कि, मैं आपको भरोसा दिलाती हूं कि कांग्रेस चाहे सरकार में हो या फिर विपक्ष में, हम हर जगह इस लड़ाई में आपके साथ खड़े हैं. मुझे विश्वास है कि हम मजबूत मनोबल से इस संकट से जल्दी ही बाहर निकल जाएंगे. आप सभी अपने घरों में रहें…सुरक्षित रहें…धन्यवाद… जय हिंद!
