सोनिया गांधी को अस्पताल से मिली छुट्टी
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल में रविवार को भर्ती कराई गईं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी बुधवार सुबह डिस्चार्ज हो गईं। यहां पर उनका पेट में संक्रमण का इलाज चल रहा था। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. डीएस राना के मुताबिक सोनिया गांधी को 2 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके पेट में संक्रमण की शिकायत थी। इलाज के बाद बुधवार सुबह उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
कांग्रेस प्रमुख शनिवार को बजट पेश होने के दौरान संसद में उपस्थित नहीं थीं। सोनिया गांधी की तबियत ऐसे समय खराब हुई है जब दिल्ली में विधानसभा चुनाव सिर पर हैं। पिछले हफ्ते कांग्रेस सूत्रों ने जानकारी दी थी कि सोनिया गांधी पांच फरवरी को शास्त्री पार्क इलाके में एक सभा को संबोधित करेंगी। लेकिन तबियत खराब होने के चलते वह रैली को संबोधित नहीं कर पाईं। उनकी गैरमौजूदगी में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने दिल्ली में रैलियों को संबोधित किया।
विधानसभा चुनावों की रणनीति व प्रबंधन से जुड़े प्रदेश कांग्रेस के एक नेता का कहना था कि एक समय दिल्ली में सबसे मजबूत राजनीतिक दल के तौर पर स्थापित और लगातार 15 वर्षों तक शासन कर चुकी कांग्रेस मुश्किल से पांच या छह विधानसभा क्षेत्रों में ही ठीक से चुनाव लड़ रही है।
