Oct 28 2026 / 10:38 AM

मध्य प्रदेश: इंदौर में स्वास्थ्य कर्मियों पर पथराव, 7 लोग गिरफ्तार

इंदौर। देश में तेजी से फैल रहे घातक कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए जारी लॉकडाउन का पालन कराने के लिए हर राज्य की पुलिस और प्रशासन मुस्तैद है। लेकिन, इस बीच मध्य प्रदेश के इंदौर में कोरोना वायरस की जांच के लिए गए स्वास्थ्य कर्मियों पर हमला किया गया, भीड़ ने पत्थर और डंडों से दौड़ा-दौड़ा कर मारा।

मेडिकल टीम पर हमले के आरोप में पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। मेडिकल टीम पर हमले के बाद पुलिस ने हमला करने वाले लोगों की तलाश शुरू कर दी थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, वायरल विडियो में शामिल लोगों की पहचान की गई और फिर उनकी गिरफ्तारी की गई है।

दरअसल, बुधवार को इंदौर में एक महिला की जांच करने पहुंचे स्वास्थ विभाग की टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया। इंदौर के ताटपट्टी भक्खल में स्वास्थ्य कर्मियों कोरोना वायरस के फैलाव को देखते हुए एक शख्स की जांच करने गए थे। लेकिन स्थानीय लोगों ने उल्टे ही उनपर पथराव कर दिया। इस मामले में एक एफआईआर भी दर्ज की गई थी। स्थानीय लोगों का कहना था कि यहां कोई भी कोरोना पीड़ित नहीं है।

मामला सामने आने के बाद जिले के कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि, डॉक्टर और हेल्थ स्टाफ से कोई भी बदतमीजी करेगा तो उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा। यह पूरी तरह स्पष्ट कर देना चाहता हूं। हमारी टीम-डॉक्टर, पुलिसकर्मी दिन रात मेहनत कर रहे हैं और शहर की जनता के स्वास्थ्य के लिए घूम रहे हैं। इनके साथ यदि कोई बदतमीजी होगी तुरंत FIR होगी, गिरफ्तारी होगी और जेल भी भेजा जाएगा।

Share With

मध्यप्रदेश