जम्मू-कश्मीर: कुलगाम में पुलिस टीम पर आतंकी हमला
श्रीनगर। दक्षिणी कश्मीर में कुलगाम के यारीपोरा इलाके में बाइक सवार आतंकियों ने पुलिस टीम पर हमला किया। इस दौरान आतंकियों ने फायरिंग की। इस फायरिंग में एक नागरिक घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दी है। हमले में अभी तक किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की खबर नहीं है।
बता दें कि पुलवामा के सैमोह इलाके में सुरक्षा बलों ने मंगलवार को मुठभेड़ में दो आतंकवादी को मार गिराया था। सुरक्षाबल जब इलाके में पहुंचे तो आतंकियों ने फायरिंग कर दी थी। इसके बाद मुठभेड़ में दो आतंकियों को मार गिराया गया।
इससे पहले सोमवार को जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की कोशिश कर रहे तीन पाकिस्तानी आतंकियों को सेना ने सोमवार को मार गिराया था। सेना ने बताया कि पाकिस्तान में ट्रेंड किए गए आतंकी भारी मात्रा में हथियारों से लैस थे।
