जम्मू-कश्मीर: शोपियां में मुठभेड़ में तीन आतंकवादी ढेर
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के तुर्कवांगम इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आज सुबह इलाके की घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान सुरक्षा बल के जवान लक्षित इलाके की ओर बढ़ रहे थे तभी वहां छुपे आतंकवादियों ने स्वाचालित हथियारों ने गोलीबारी शुरू कर दी।
सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलायी। दोनों पक्षों के बीच चली मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गये। मुठभेड़ स्थल से दो एके 47 राइफल और अन्य हथियार बरामद किये गये हैं। मुठभेड़ में मारे गये आतंकवादियों की पहचान हिजबुल के जिला कमांडर जुबैर वानी, पूर्व एमएलसी का भतीजा जफर इकबाल मनहास और मुनीब-उल-हक के रूप में की गयी है। मनहास ने जनवरी 2019 में आतंकवादी समूह में शामिल होने की घोषणा की थी और एके 47 राइफल के साथ उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल भी हुई थी।
