मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने एमएलसी पद की शपथ ली
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और आठ दूसरे उम्मीदवारों को 14 मई को विधान परिषद के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया था। चूंकि 9 सीटों के लिए 9 ही उम्मीदवारों ने पर्चा भरा था इसलिए इन सभी निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोमवार दोपहर यहां विधान परिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली। विभिन्न राजनीतिक दलों के आठ अन्य सदस्यों ने भी एक संक्षिप्त समारोह में महाराष्ट्र विधानमंडल के ऊपरी सदन के सदस्य के रूप में शपथ ली। विधान परिषद के अध्यक्ष रामराजे निंबालकर ने उन नौ नए सदस्यों को शपथ दिलाई, जिन्हें पिछले सप्ताह निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया था।
उनमें विधान परिषद की उपाध्यक्ष और शिवसेना की नीलम गोरे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शशिकांत शिंदे और अमोल मिटकरी और कांग्रेस के राजेश राठौड़ शामिल हैं। विपक्षी भारतीय जनता पार्टी की ओर से नए एमएलसी रणजीतसिंह मोहिते-पाटील, रमेश कराड, प्रवीण दटके और गोपीचंद पडलकर हैं।
ठाकरे के साथ उनकी पत्नी रश्मि ठाकरे और सरकार के अन्य अधिकारी मौजूद थे। ठाकरे ने पिछले साल 28 नवंबर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
