Oct 28 2026 / 5:40 PM

लोकसभा में हंगामा, विपक्ष ने लगाए ‘गोली मारना बंद करो’ के नारे

नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र में सोमवार को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी के मुद्दे पर हंगामा हुआ। कांग्रेस, तृणमूल, माकपा और राजद समेत विपक्षी दलों के सांसदों ने लोकसभा में वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर के भाषण का विरोध किया। लोकसभा में ‘गोली मारना बंद करो, देश को तोड़ना बंद करो’ के नारे लगाए। इसके साथ ही सीएए-एनआरसी पर प्रधानमंत्री मोदी से जवाब की मांग की।

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी मोदी सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बच्चों पर जुल्म कर रही है। बच्चों को गोली मारी जा रही है। ओवैसी ने कहा कि मैं हुकूमत को बताना चाहता हूं कि हम तमाम जामिया के बच्चों के साथ हैं।

ओवैसी ने कहा कि ये हुकूमत बच्चों पर जुल्म कर रही है। एक बच्चे की आंख चली गई, बेटियों को मारा गया…बच्चों को मार रहे हैं। शर्म नहीं आई इनको, गोली मार रहे है। सदन में हंगामे के बीच लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने सदस्यों से अपने स्थान पर जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब वे चर्चा करेंगे तभी संविधान और लोकतंत्र बचेगा।

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सीएए-एनआरसी का विरोध करते हुए कहा- देश का आम आदमी संविधान बचाने के लिए विरोध कर रहा है। प्रदर्शनकारी संविधान हाथ में लेकर, राष्ट्रगान गाकर इसका विरोध कर रहे हैं। लेकिन उन पर गोलियां चलवाई जा रही हैं। भारत के लोगों को बेरहमी से मारा जा रहा है।

Share With

मध्यप्रदेश