Oct 28 2026 / 11:47 AM

राहुल गांधी के डंडा मारने वाले बयान पर सदन में हंगामा, मंत्री हर्षवर्धन की तरफ दौड़े कांग्रेसी सांसद

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के विवादित बयान को लेकर लोकसभा में शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। राहुल गांधी ने अपने एक संबोधन में कहा कि ये भारत की जनता पीएम मोदी को डंडे से पीटेगी। इसी बात को लेकर लोकसभा में हंगामा मच गया। इस हंगामे के बाद लोकसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई।

दरअसल, एक सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने राहुल गांधी के डंडेमार बयान का जिक्र किया और आलोचना करने लगे। उन्हें स्पीकर ओम बिड़ला ने रोकने की कोशिश की। इस बीच कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर, हर्षवर्धन की सीट पर पहुंच गए और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। तुरंत बीजेपी सांसद वेल में आ गए और कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर को पकड़ लिया।

लोकसभा में मचे हंगामे के बाद डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि मुझे आश्चर्य है कि राहुल गांधी के पिता खुद देश के प्रधानमंत्री थे तो ऐसी टिप्पणी वो कैसे कर सकते हैं, लोग पीएम को डंडों से पीटेंगे और देश से बाहर फेंक देंगे। हम सभी को इसकी निंदा करनी चाहिए।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपनी पार्टी के सांसद मनिकम टैगोर का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने किसी पर हमला नहीं किया। वे वेल में जरूर गए। आप कैमरा देख सकते हैं। उनके ऊपर उल्टा हमला हुआ। राहुल ने केंद्रीय हर्षवर्धन पर निशाना साधते हुए कहा कि वे मेरे सवाल का जवाब देने की बजाय दूसरी बात कर रहे थे।

Share With

मध्यप्रदेश