वंदे भारत मिशन के तहत अब तक 30 हजार भारतीयों की हुई स्वदेश वापसी
नई दिल्ली। लॉकडाउन के कारण विदेश में फसे भारतीयों को स्वदेश लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश का अब तक का सबसे बड़ा एयर लिफ्ट मिशन चला रही है।
इस मिशन के तहत अब तक कितने लोगों की स्वदेश वापसी हुई इसके बारे में जानकारी देते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, 25 मई तक विभिन्न देशों से 158 उड़ानों में 30,000 से अधिक लोग भारत लौट आए हैं और 164 उड़ानों में 10,000 से अधिक लोग भारत से बाहर आ गए हैं।
पुरी ने कहा, जून महीने के मध्य तक लगभग 49 हजार लोग उड़ान भरने में सक्षम होंगे। पिछले हफ्ते, पुरी ने कहा था कि मिशन के तहत अब तक 20 हजार भारतीय नागरिकों को देश में वापस लाया जा चुका है और आने वाले दिनों में इस संख्या में बढ़ोतरी होगी।
हाल ही में विदेश मंत्रालय ने घोषणा की थी कि इस मिशन के दूसरे चरण को बढ़ाकर 13 जून तक कर दिया गया है। मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने कहा था कि इस मिशन का दूसरा चरण 16 मई से शुरू हुआ और यह चरण 13 जून तक चलेगा।
हम इस चरण में 162 उड़ानों में 47 देशों में फंसे अपने नागरिकों को वापस लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा था कि इस चरण में, हम इस्तांबुल, हो ची मिन्ह सिटी, लागोस आदि स्थानों को शामिल कर रहे हैं। साथ ही अमेरिका और यूरोप के लिए उड़ानें बढ़ा रहे हैं।
