Oct 28 2026 / 1:12 PM

इंदौर: सड़कों पर घूमे यमराज

इंदौर। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से बचाव को लेकर प्रशासन हर संभव उपाय कर रहा है। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी नई तरकीबों से लोगों को जागरूक कर रहे हैं। लेकिन लोग हैं कि मानने को तैयार नहीं। ऐसे लोगों से पुलिस सख्ती से पेश आ रही है।

इसके अलावा कई जगहों पर पुलिस अनूठे तरीके से भी लोगों को कोरोना संकट में लॉकडाउन की पालना की हिदायत दे रही है।

ऐसा ही एक अनूठा नजारा शुक्रवार को मध्य प्रदेश के इंदौर में देखने को मिला। इंदौर के एमजी रोड पुलिस थाने का सिपाही यमराज की वेशभूषा में इलाके की सड़कों पर घूमा।

काला चश्मा लगाकर और हाथ में गदा व माइक थामे पुलिस की गाड़ी के बोनट पर बैठा यह यमराज सबके आकर्षण का केन्द्र रहा।

लोग अपने घरों के दरवाजों, खिड़की और बालकॉनी में खड़े होकर इस देखते रहे। इस दौरान यमराज लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने का सीख देता रहा। रास्ते में लॉकडाउन तोड़कर घूमते मिले लोगों से समझाइश के तौर पर उठक-बैठक लगवाई।

टीआई राजेंद्र चतुर्वेदी ने बताया पुलिस लोगों को घर में रहने के लिए जागरूक कर रही है। शुक्रवार शाम अनूठा प्रयास किया गया। थाने के सिपाही जवाहर सिंह जादौन को यमराज की पोशाक पहनकर इलाके में घुमाया गया।

वह माइक के जरिए लोगों को समझाता रहा कि घर से बाहर नहीं निकले, बाहर निकलने पर कोरोना से संक्रमित होने का खतरा है। इससे जान भी जा सकती है। तब आपको मैं अपने साथ यमलोक ले जाऊंगा।

इसी बीच छोटा बांगड़दा का एक युवक वहां घूमता हुआ मिला तो उससे पूछताछ की गई और उठक बैठक लगाई गई। युवक छोटा बांगड़दा से यहां सामान खरीदने के नाम पर शेर सपाटा करते हुए देखा गया।

Share With

मध्यप्रदेश